



दमोह- 2 दिन से लापता कलेक्टर बंगले की गाय सोमवार की दोपहर बंगला परिसर में मृत अवस्था में पाई गई। बीते 2 दिनों से दमोह कलेक्टर बंगले की गाय की खोज चारों दिशाओं में की जा रही थी। जबकि गाय परिसर में ही झाड़ियों में पड़ी हुई थी।
दरअसल परिसर में कार्यरत कर्मचारियों को दुर्गंध आई। जिससे उन्होंने प्रबंधक को सूचित किया। जब कर्मचारियों ने खोजबीन की तो गाय कुएं के पास कीचड़ में मरी पड़ी थी। आनन-फानन में इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई पशु चिकित्सालय से डॉक्टर बीपी लोधी गाय का पंचनामा करने परिसर पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि गाय कीचड़ में फंस कर मरी है,अथवा किसी जहरीले कीड़े के काटने से मौत हुई होगी। दुर्गंध के चलते गाय का पंचनामा करना कठिन है। इसके अलावा 3 दिन बाद शव बुरी तरह सड़ चुका है। अब इसे कार्यरत कर्मचारियों की लापरवाही कहें या प्रबंधन की कोताही। जिससे एक दुधारू गाय कलेक्टर बंगला परिसर में मर जाती है और प्रशासनिक अमला उसे 2 दिनों तक भी नहीं ढूंढ पाता है।
आपको बता दें कि बीते शनिवार को कलेक्टर बंगाल की सरकारी गाय के गायब होने की बात सामने आई थी, जिसको खोजने कोतवाली पुलिस का अमला शनिवार से जगह जगह तलाशी करता रहा यही नहीं कुछ संदेहियों पर प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई। उनके घरों पर जेसीबी चलाई गई और उनका सामान भी जब्त किया गया जबकि गाय तो तलाशने में गंभीरता नही बरती।