



’बच्चे, युवा, पर्यटक होंगे शहर की विरासत से रूबरू’
’शहर से पहचान कराती ‘वॉकिंग दी हेरीटेज ऑफ सागर’ बुक हुई लाँच’
सागर – सागर की अमूल्य धरोहरों, ऐतिहासिक इमारतों, प्राकृतिक स्थानों और सांस्कृतिक महत्व की विरासत को सहेजने के लिए कलेक्टर दीपक सिंह ने मुहीम शुरू कर दी है। अब बच्चे, युवा, पर्यटक सागर शहर की विरासत से रूबरू हो सकेंगे।
शहर से पहचान कराती ऐसी ही एक किताब
‘वॉकिंग दी हेरीटेज ऑफ सागर’ को कलेक्टर दीपक सिंह ने इंटेक के चेयरमैन मेजर जनरल एलके गुप्ता, बुक की रचयिता अंजली भरथरी, नगर निगम कमिशनर आरपी अहिरवार, स्मार्ट सिटी सी ई ओ राहुल सिंह राजपूत, इंटेक सागर चौप्टर के रजनीश जैन, ताई मीना पिंपलापुरे , अनिरुद्ध पिंपलापुरे, अतुल जैन आदि की उपस्थिति में लॉन्च किया।
किताब की रचयिता अंजली जो कि मूल रूप से देहरादून निवासी हैं उन्होंने बताया कि जब वे सागर में थी तो पूर्व कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक के संयोग से सागर हेरिटेज वॉक की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे उनके समूह से लोग जुड़ते गये। एतिहासिक तथा पुरातत्व विशेषज्ञों के साथ ने इस सफर को और भी रोचक बना दिया। शहर की विभिन्न विरासतों से अनजान लोग अब इस किताब के माध्यम से सागर से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक पहलुओं को समझ पाएँगे।
यह भी पढ़े -: जबलपुर में जल्दी ही बनेगा देश का पहला जियो पार्क
ऐतिहासिक दृष्टि से ऐरण एक महत्वपूर्ण साइट
कलेक्टर दीपक सिंह ने इस अवसर पर बताया कि सागर में ऐसे अनेक स्थान हैं जो सागर की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करते हैं। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा संरक्षित ऐरण के शिलालेख से गुप्त काल में सती प्रथा के साक्ष्य मिलते हैं। इस प्रकार ऐतिहासिक दृष्टि से ऐरण एक महत्वपूर्ण साइट है। और बताया कि हमारा उद्देश्य जिले के स्थानों, स्मारकों को संरक्षित करना है, साथ ही बच्चों, युवा पीढ़ी को इन धरोहरों से अवगत कराना है।
’कॉफी टेबल बुक करेंगे तैयार’
कलेक्टर दीपक सिंह ने बताया कि शीघ्र ही जिला प्रशासन द्वारा सागर की इन धरोहरों को संकलित करने के लिए एक कॉफी टेबल बुक तैयार की जाएगी और इसके पूर्व भी वे धार कलेक्टर रहते हुए माण्डू कॉफी टेबल बुक तथा बुरहानपुर कलेक्टर रहते हुए बुरहानपुर कॉफी टेबल बुक तैयार करवा चुके हैं।
कलेक्टर दीपक सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्य करना इसलिए भी आवश्यक है जिससे की इन विरासतों का संरक्षण और विकास किया जा सके। जिले में कई ऐसे स्थान हैं जिन्हें संरक्षण की आवश्यकता है।
स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत इन्हें किया जायेगा संरक्षित
कलेक्टर दीपक सिंह ने इंटेक के सदस्यों से भी वर्चुअल कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से इस कार्य में सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की और बताया कि सागर में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत भी पुरानी बावड़ी, कुंए, छतरी, नदी किनारे के घाट आदि को संरक्षित किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -: जीवन अस्तित्व के लिए जरूरी है जैव विविधता
जिला कलेक्टर का इस प्रकार जिले की धरोहर के प्रति रुचि लेने से निश्चित तौर पर इस क्षेत्र का भी संरक्षण एवं विकास होगा। वर्चुअल कार्यक्रम के अंत में शहर की जानी मानी समाज सेविका ताई मीना पिंपलापुरे ने समस्त प्रशासनिक अधिकारियों तथा इंटेक के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।