



मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में अलग पहचान बनाएगा,प्राकृतिक संपदा से संपन्न प्रदेश में मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करेंगे।मुख्यमंत्री ने नववर्ष के अवसर पर शिरडी में सांई बाबा से प्रदेश के नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना की हैं। मध्यप्रदेश के नागरिक सुखी और समृद्ध हों, इसके लिए तिरुपति में भी भगवान बाला जी से प्रार्थना की है।
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के नागरिकों को नववर्ष की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आने वाले वर्षों में विकास के क्षेत्र में अलग पहचान बनाएगा। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने में मध्यप्रदेश आगे रहेगा। इसके लिए प्रदेश के हर नागरिक को अपनी भागीदारी भी करना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नव वर्ष के अवसर पर प्रदेश के नागरिकों को बधाई देते हुए अपेक्षा की है की प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण इस राज्य को बेहतर मानव संसाधन का लाभ मिलेगा। हर व्यक्ति प्रगति में अपनी प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित करेगा। मध्य प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए चिंतित और प्रयासरत है।
यह भी पढ़ें -: माणिकचंद्र वाजपेयी राष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार पुन: प्रारंभ होगा : मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि माफिया चाहे किसी भी तरह का हो राज्य में पैर नहीं फैला पाएगा। मिलावट के विरुद्ध राज्य सरकार ने सख्त अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन स्थापित कर हम मध्यप्रदेश को बेहतर राज्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून में संशोधन कर मिलावट के दोषियों को 6 माह के कारावास और एक हजार रुपये तक के जुर्माने के स्थान पर आजीवन कारावास और जुर्माना प्रतिस्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून में यह दोनों संशोधन जनकल्याण की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं।
यह भी पढ़ें -: भोपाल: लव जिहाद से जुड़े धर्म स्वतंत्रता विधेयक 2020 को शिवराज कैबिनेट ने दी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम में अध्यादेश के माध्यम से संशोधन कर प्रावधान किया जा रहा है कि सेवा प्रदाय की तय सीमा तक यदि आवेदक को अधिकारी द्वारा सेवा प्रदाय नहीं की जाती है तो वे सेवायें स्वत: ही निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदक को मिल जाएंगी। इसे डीम्डे सेवा कहा जाएगा।
यह भी पढ़ें -: जबलपुर में जल्दी ही बनेगा देश का पहला जियो पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश, कोरोना जैसी गंभीर समस्या को अवसर में बदलने में सफल रहा है। प्रदेश में राजस्व संग्रहण बढ़ रहा है। विकास के लिए बजट उपलब्ध करवाकर योजनाओं का क्रियान्वयन तेज किया गया है। अपूर्ण परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है। निर्माण कार्य को फिर से गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे नववर्ष के अवसर पर शिरडी में सांई बाबा से प्रदेश के नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के नागरिक सुखी और समृद्ध हों, इसके लिए तिरुपति में भी भगवान बाला जी से प्रार्थना की है।